गोरखपुर
पीएमकेवीवाई 4.0 के तहत एम्स गोरखपुर को बड़ी उपलब्धि
गोरखपुर।स्थित एम्स को स्किल इंडिया के तहत कौशल प्रशिक्षण केंद्र के रूप में पंजीकृत किया गया है। भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय ने स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े चार रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को मंजूरी दी है। इसके जरिए 120 युवाओं को प्रशिक्षण देकर अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार किया जाएगा।
चार पाठ्यक्रमों को मिली मंजूरी
एम्स में स्वीकृत पाठ्यक्रमों में गर्भिणी मित्र, फ्रंटलाइन हेल्थ केयरगिविंग एसोसिएट, जेरियाट्रिक केयर असिस्टेंट तथा जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (एडवांस्ड-पेरिनेटल केयर) शामिल हैं। प्रत्येक पाठ्यक्रम में 30 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
एम्स परिसर में मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम एम्स परिसर में संचालित किया जाएगा। प्रतिभागियों को कक्षा आधारित प्रशिक्षण के साथ अस्पताल में काम करने का व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया जाएगा। इससे युवाओं को स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने में मदद मिलेगी।
चार प्रस्तावों को मिली स्वीकृति
पीएमकेवीवाई 4.0 के तहत डॉ. शिखा सेठ, डॉ. प्रीति प्रियदर्शिनी, डॉ. अरुण वर्गीस और संदीप सिंह की ओर से चारों प्रशिक्षण प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत किए गए थे। प्रस्तावों को मंजूरी मिलने के बाद एम्स गोरखपुर ने स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए प्रशिक्षित और कुशल मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।
