गोरखपुर
होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियों का एसपी ने लिया जायजा
पुलिस लाइन ग्राउंड का निरीक्षण कर दिए निर्देश, बोले- परीक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
संतकबीरनगर। जिला संवाददाता नितेश शंकर त्रिपाठी। उत्तर प्रदेश होमगार्ड शारीरिक दक्षता परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने रिजर्व पुलिस लाइन ग्राउंड पहुंचकर परीक्षा स्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग
एसपी ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ब्रीफिंग की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पूरी परीक्षा निर्धारित नियमों के अनुसार निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराई जाए।
चेकिंग और प्रवेश व्यवस्था पर जोर
एसपी ने अभ्यर्थियों की नियमानुसार चेकिंग और फ्रिस्किंग कराने तथा प्रवेश और निकास व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से अभ्यर्थियों के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने और अनुशासन बनाए रखने को कहा।
यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और भीड़ नियंत्रित रहे, इसके लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया। इसके बाद एसपी ने दौड़ परीक्षा के लिए निर्धारित ग्राउंड का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण में सामने आई कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान क्षेत्राधिकारी मेहदावल सर्वदवन सिंह, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जय प्रकाश दूबे, प्रतिसार निरीक्षक रामबली यादव समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
