गाजीपुर
सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने में जुटा प्रशासन
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 12 थीम पर होंगे कार्यक्रम, डीएम ने समयबद्ध तैयारी के दिए निर्देश
गाजीपुर। सेवा संकल्प अभियान के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय स्थित सभागार में बैठक हुई। इसमें अभियान के तहत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू होने वाले इस अभियान में जनकल्याणकारी योजनाओं और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम होंगे। अभियान को 12 प्रमुख थीम में विभाजित किया गया है।
17 सितंबर को ‘सेवा दिवस–आशीर्वाद का दीया’ के तहत अस्पतालों में फल वितरण, विश्वकर्मा जयंती पर टूल किट वितरण तथा शाम सात बजे सरकारी कार्यालयों, अमृत सरोवरों, खेल मैदानों और नदी किनारे घाटों पर दीप प्रज्वलन होगा। विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग, वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।
‘नमो सेवा–अनकही कहानी’ के तहत नुक्कड़ नाटक तथा ‘आंगन मिलन सेवा’ में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक हेल्दी बेबी प्रतियोगिता और उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सम्मान किया जाएगा। ‘सेवा की कहानी’ के तहत सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियों पर रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर प्रचार किया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत से कम से कम पांच रील तैयार कराने के निर्देश दिए गए हैं।
7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत गाजीपुर तिराहे पर कलश स्थापना और बाइक रैली होगी। ‘सेवा-मेरा योगदान’ के तहत लोगों को कम से कम 30 मिनट श्रमदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विकासखंडों, नगर पालिका और नगर पंचायतों में 5 से 7 दिवसीय शिविर लगाकर पात्र लोगों से मौके पर आवेदन लिए जाएंगे।
इसके अलावा रंगोली, नवाचार और सुशासन-सेवा संवाद से जुड़े कार्यक्रम होंगे। 17 अक्टूबर को समापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। डीएम ने उच्च गुणवत्ता वाली फोटो-वीडियोग्राफी कराने और सूचनाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
बैठक में सीडीओ विवेक कुमार श्रीवास्तव, एडीएम प्रवेंद्र कुमार सहित जनपद एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
