चन्दौली
जलकल योजना के निर्माण पर उठे सवाल, दस दिन में लटक गई बीम
भट्पुरवा में निर्माणाधीन पंप रूम का बारजा गिरा, ग्रामीणों ने जांच और कार्रवाई की मांग की
बबुरी (चंदौली)। सरकार की महत्वाकांक्षी जलकल योजना के तहत कराए जा रहे निर्माण कार्य में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। क्षेत्र के भट्पुरवा गांव में निर्माणाधीन पानी की टंकी के पंप रूम की बीम निर्माण के महज दस दिन बाद ही कमजोर होकर लटक गई। वहीं कमरे के बाहर बनाया गया बारजा भी भरभराकर गिर गया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंप रूम के निर्माण में शुरुआत से ही घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था। निर्माण के दौरान कई बार ठेकेदार से कार्य की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की गई और विरोध भी जताया गया, लेकिन इसके बावजूद काम जारी रखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण पूरा होने के कुछ ही दिनों बाद बीम का कमजोर होकर लटकना और बारजे का गिरना गुणवत्ता में बरती गई लापरवाही को दर्शाता है।
ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की है। साथ ही गुणवत्ता की तकनीकी जांच के लिए विशेषज्ञ टीम भेजने और दोषी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते पंप रूम की खामियों को दूर नहीं किया गया तो भविष्य में यह गंभीर हादसे का कारण बन सकता है। उन्होंने जलकल योजना के निर्माण में मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की भी मांग की है।
