भदोही
सर्पदंश से किशोरी की जान बची, समय पर इलाज से मिली नई जिंदगी
सीएचसी गोपीगंज में 10 एएसवी इंजेक्शन देकर बचाई जान, अब खतरे से बाहर है किशोरी
गोपीगंज (भदोही)। सर्पदंश की शिकार हुई 15 वर्षीय किशोरी की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोपीगंज में समय पर उपचार मिलने से जान बच गई। चिकित्सकों ने तत्काल इलाज शुरू करते हुए किशोरी को 10 एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) इंजेक्शन लगाए। उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ और अब वह खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जहरीले सांप ने काटा
जानकारी के अनुसार खुशी यादव (15) पुत्री पवन कुमार, निवासी सुधवे, वहीदा नगर, थाना ऊंज, घर के बाहर मड़हे में कुछ काम कर रही थी। इसी दौरान उसे जहरीले सांप ने काट लिया। सर्पदंश की जानकारी होने पर परिजन उसे तत्काल सीएचसी गोपीगंज लेकर पहुंचे।
समय पर अस्पताल पहुंचने से बची जान
परिजनों ने झाड़-फूंक के बजाय बिना समय गंवाए किशोरी को अस्पताल पहुंचाया। सीएचसी पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू कर दिया। किशोरी की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे 10 एएसवी इंजेक्शन लगाए, जिसके बाद उसकी हालत में सुधार होने लगा।
चिकित्सक ने की झाड़-फूंक से बचने की अपील
सीएचसी गोपीगंज के अधीक्षक डा. शुभांकर श्रीवास्तव ने बताया कि किशोरी को 10 एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन दिए गए। समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई और अब उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक और अंधविश्वास में समय गंवाने के बजाय मरीज को तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाएं। समय पर उपचार मिलने से सर्पदंश के अधिकांश मामलों में मरीज की जान बचाई जा सकती है।
