Connect with us

भदोही

रैपुरी हनुमान मंदिर का वार्षिक श्रृंगार मेला आज, भव्य झांकी के होंगे दर्शन

Published

on

Loading...
Loading...

सावन के अंतिम शनिवार पर अखंड हरि कीर्तन से हुआ शुभारंभ, इस बार नहीं होगा कुश्ती दंगल

गोपीगंज, भदोही। गोपीगंज क्षेत्र के रैपुरी गांव स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर का वार्षिक श्रृंगार मेला शनिवार को आयोजित होगा। सावन माह के अंतिम शनिवार के अवसर पर आयोजित होने वाले इस मेले में पवनपुत्र हनुमान जी की भव्य झांकी सजाई जा रही है।

आयोजन समिति के अध्यक्ष मनोज सिंह और मंदिर के पुजारी बटेश्वरनाथ उपाध्याय ने बताया कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले का शुभारंभ शुक्रवार सायंकाल अखंड हरि कीर्तन पाठ के साथ हो गया।

शनिवार प्रातःकाल से मंदिर में दर्शन-पूजन का क्रम शुरू होगा। हरि कीर्तन और सुंदरकांड पाठ के समापन के बाद हवन-पूजन किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया जाएगा। दिनभर मंदिर परिसर और आसपास श्रद्धालुओं की आवाजाही रहने की संभावना है।

आयोजन समिति ने बताया कि इस बार मेले में कुश्ती दंगल का आयोजन नहीं किया जाएगा। पूर्व में प्रतिवर्ष मेले के अवसर पर कुश्ती दंगल आयोजित होता रहा है, जिसमें भदोही के साथ आसपास के जनपदों के नामी पहलवान पहुंचकर अपने दांव-पेंच का प्रदर्शन करते थे।

Advertisement

सायंकाल तक चलने वाले इस वार्षिक श्रृंगार मेले को लेकर रैपुरी गांव और आसपास के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page