Connect with us

भदोही

गोपीगंज डाकघर में पांचवें दिन भी लेन-देन ठप

Published

on

Loading...
Loading...

सर्वर और स्टाफ की कमी से लोग परेशान

बिजली बकाए पर दो दिन बंद रहा डाकघर, आपूर्ति बहाल होने के बाद सर्वर गड़बड़ी से नहीं शुरू हो सका काम

गोपीगंज, भदोही। जनपद के प्रमुख व्यावसायिक नगर गोपीगंज स्थित उप डाकघर में शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन भी लेन-देन का काम ठप रहा। सर्वर की गड़बड़ी और लंबे समय से बनी स्टाफ की कमी के कारण खाताधारकों एवं एजेंटों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डाकघर पहुंचने वाले लोग निराश होकर वापस लौट रहे हैं।

बताया जाता है कि पिछले सप्ताह बिजली विभाग द्वारा बकाया बिल के चलते डाकघर की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई थी, जिससे दो दिनों तक कामकाज प्रभावित रहा। बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद सर्वर में गड़बड़ी आ गई, जिसके चलते जमा-निकासी समेत अन्य ऑनलाइन सेवाएं बाधित हो गईं।

स्थानीय लोगों के अनुसार डाकघर में पहले से ही डाक सहायकों की कमी है। डाकपाल सहित चार डाक सहायकों की आवश्यकता वाले गोपीगंज उप डाकघर में लंबे समय से पर्याप्त स्टाफ की तैनाती नहीं हो सकी है। दो डाक सहायक किसी तरह जमा-निकासी, रजिस्ट्री और आधार से जुड़े कार्य संभाल रहे थे। आरोप है कि सर्वर की समस्या के बीच भी एक डाक सहायक को जंगीगंज भेज दिया गया, जिससे लोगों में नाराजगी है।

Advertisement

खाताधारक और एजेंट प्रतिदिन डाकघर के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। उनका कहना है कि लगातार काम बंद रहने से जरूरी लेन-देन और अन्य कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

डाकघर से जुड़े लोगों ने विभागीय अधिकारियों से सर्वर की तकनीकी खराबी जल्द दूर कराने और मानक के अनुरूप पर्याप्त डाक सहायकों की तैनाती की मांग की है, ताकि नियमित रूप से सेवाएं बहाल हो सकें।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page