भदोही
छात्राओं का बाथरूम से अश्लील वीडियो बनाने का आरोप, मुकदमा दर्ज
डिजिटल लाइब्रेरी के शौचालय से सटे कमरे की दीवार में छेद कर वीडियो बनाने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
गोपीगंज, भदोही। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के लालनगर टोल टैक्स के समीप बड़का डांड के सामने स्थित एक डिजिटल लाइब्रेरी से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। लाइब्रेरी में पढ़ने वाली छात्राओं के शौचालय से अश्लील वीडियो बनाने का आरोप लगाया गया है। मामले में लाइब्रेरी संचालक की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी मकान मालिक के पुत्र के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लाइब्रेरी संचालक भरथरी बिंद, निवासी डेहरिया दयाराम, के अनुसार 20 अगस्त की दोपहर छात्राओं ने उन्हें सूचना दी कि मकान मालिक लाल बहादुर गुप्ता के पुत्र रविशंकर गुप्ता पर शौचालय से सटे कमरे की दीवार में छोटा छेद कर मोबाइल से वीडियो बनाने का आरोप है।
आरोप है कि छात्राओं ने जब आरोपी का मोबाइल चेक किया तो उसकी गैलरी में छात्राओं के कई वीडियो मिले। इसके बाद छात्राओं ने तत्काल पीआरवी पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल की।
लाइब्रेरी संचालक ने पुलिस को दी तहरीर में आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
