गोरखपुर
श्रावण में शिवमय हुआ बुदहट, बाबा बामेश्वरनाथ मंदिर में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
हर-हर महादेव और ॐ नमः शिवाय के जयघोष से गूंज रहा प्राचीन शिवालय, जलाभिषेक को पहुंच रहे श्रद्धालु
गोरखपुर। श्रावण मास में भगवान भोलेनाथ की भक्ति का रंग पूरे क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। गोरखपुर जनपद के सहजनवा ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बुदहट स्थित प्राचीन बाबा बामेश्वरनाथ मंदिर इन दिनों श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। सुबह से ही मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष से गूंज उठता है।
भीटी-चौरसिया मार्ग पर स्थित इस मंदिर में आसपास के गांवों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भक्त जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, पुष्प और भस्म अर्पित कर भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर रहे हैं। सोमवार और शनिवार को विशेष रूप से श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ जाती है।
जनश्रुति से जुड़ा है मंदिर का इतिहास
स्थानीय जनश्रुति के अनुसार द्वापर युग में खेत की जुताई के दौरान यहां गोलाकार आकृति का एक पत्थर दिखाई दिया था। शिवलिंग होने की चर्चा फैलने पर आसपास के गांवों के लोग यहां पहुंचने लगे। मान्यता है कि ग्रामीणों ने काफी गहराई तक खुदाई की, लेकिन शिवलिंग का अंतिम छोर नहीं मिला। इसके बाद जनसहयोग से यहां मंदिर का निर्माण कराया गया।
मंदिर से कुछ दूरी पर मिले एक अन्य पत्थर को भी स्थानीय श्रद्धालु माता पार्वती से जोड़कर देखते हैं और श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना करते हैं।
श्रावण मास में भोर से ही मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालु जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की कामना करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाबा बामेश्वरनाथ के दरबार में पहुंचने वाला हर भक्त श्रद्धा और विश्वास के साथ नई ऊर्जा लेकर लौटता है।
