भदोही
गोस्वामी तुलसीदास जयंती पर दुर्गा मंदिर में हुआ सुंदरकांड पाठ
रामचरितमानस के रचयिता को श्रद्धापूर्वक किया याद, महाआरती के बाद बांटा गया प्रसाद
गोपीगंज, (भदोही)। श्री रामचरितमानस के रचयिता एवं महान संत-कवि गोस्वामी तुलसीदास की जयंती के अवसर पर गोपीगंज नगर स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गोस्वामी तुलसीदास को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उनके साहित्यिक और आध्यात्मिक योगदान को याद किया।
सुंदरकांड पाठ के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम और हनुमान जी का स्मरण करते हुए सामूहिक रूप से पाठ किया। वक्ताओं ने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास ने श्री रामचरितमानस जैसी दिव्य रचना के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और लीलाओं को जन-जन और घर-घर तक पहुंचाने का कार्य किया।
भव्य श्रृंगार और महाआरती का आयोजन
सुंदरकांड पाठ के उपरांत मंदिर में भव्य श्रृंगार किया गया। इसके बाद विधि-विधान से महाआरती संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। महाआरती के बाद भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर शिवशंकर कौशल, अश्वनी अग्रवाल, बंटू मोदनवाल, रामकिशुन शर्मा, भानू पंडा, हरि गोपाल, विनोद, संतोष जायसवाल और हिमांशु कौशल सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।
