गोरखपुर
पुलिस-व्यापारी समन्वय मजबूत करने पर जोर, सुरक्षा समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन
गोला में व्यापार प्रतिनिधिमंडल की संगोष्ठी, सीओ ने व्यापारियों से किया सीधा संवाद
गोलाबाजार, गोरखपुर। उपनगर के व्यापारियों की सुरक्षा और पुलिस-व्यापारी समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से गोला स्थित एक मैरेज हाल में उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल बांसगांव सर्किल की ओर से संगोष्ठी आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष भागीरथी प्रसाद स्वर्णकार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी दरवेश कुमार ने व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों और व्यापारियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और सुरक्षा से जुड़े मुद्दे सुने।
व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता
मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी दरवेश कुमार ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा गोला पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आपराधिक गतिविधियों, अवैध वसूली, धमकी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस प्रभावी कार्रवाई करेगी। व्यापारियों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
गश्त और सीसीटीवी व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
सीओ ने व्यापारियों को आपातकालीन सेवाओं और पुलिस हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बाजार क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ ही प्रतिष्ठानों और बाजारों में लगे सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने तथा उनकी निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया।
व्यापारियों ने उठाईं चोरी और अतिक्रमण की समस्याएं
संगोष्ठी के दौरान पूर्व चेयरमैन गिरधारीलाल स्वर्णकार, जिलाध्यक्ष भागीरथी प्रसाद स्वर्णकार, पूर्व सभासद अशोक वर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष सत्यव्रत तिवारी और बेवरी व्यापार मंडल अध्यक्ष ठाकुर मुनील सिंह सहित अन्य व्यापारियों ने चोरी, अतिक्रमण, पुलिस पिकेट और बाजारों की सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उठाईं। व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए कई सुझाव भी दिए।
कार्यक्रम का संचालन संजय गुप्ता ने किया। इस अवसर पर थाना प्रभारी सीपी पांडेय सहित राजा उमर वैश्य, राजकुमार, सिंटू जायसवाल, कृष्णा तिवारी, सूरज पांडेय, शैलेन्द्र पांडेय, संतोष वर्मा, रिंकू वर्मा, जयदीप, विकास, देवीदयाल, प्रदीप, दुर्गेश और संदीप समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
