गोरखपुर
नाली की सफाई को लेकर विवाद, चार लोगों पर महिला से मारपीट का केस दर्ज
घर में घुसकर लात-मुक्कों से पिटाई और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
गोलाबाजार, गोरखपुर। गोला क्षेत्र के चक महेशपुर (मल्लाह टोला) गांव में नाली की सफाई को लेकर हुए विवाद में एक महिला के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर गोला पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़िता विमला देवी पत्नी सतन साहनी, निवासी चक महेशपुर (मल्लाह टोला), ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बीते 16 अगस्त को वह नाबदान की सफाई कर रही थीं। आरोप है कि सफाई का विरोध करते हुए आशा देवी पत्नी रणजीत साहनी, रणजीत साहनी पुत्र स्वर्गीय चंद्रभान साहनी, कबूतरा देवी पत्नी चंद्रभान साहनी और भोईल पुत्र चंद्रभान साहनी उनके घर में घुस गए।
विमला देवी का आरोप है कि घर में अकेला पाकर आरोपियों ने उनके साथ लात, मुक्कों और थप्पड़ों से मारपीट की, जिससे उन्हें अंदरूनी चोटें आईं। उनके शोर मचाने पर आरोपी वहां से चले गए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि जाते समय आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता की शिकायत पर गोला पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले में बीएनएस की धारा 115(2), 352, 351(3) और 333 के तहत केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
