Connect with us

भदोही

ज्ञानपुर के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज का डीएम ने किया औचक निरीक्षण

Published

on

Loading...
Loading...

प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण तलब

साफ-सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी, अभ्युदय कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी के लिए स्थल चिह्नित कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

ज्ञानपुर। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने सोमवार को पीएम श्री विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, ज्ञानपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था अपेक्षित स्तर की नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और विद्यालय प्रशासन को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

साफ-सफाई में लापरवाही पर जताई नाराजगी

जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में साफ-सफाई, अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी करने और विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

प्रधानाचार्य की अनुपस्थिति पर मांगा जवाब

औचक निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण तलब करने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में समयबद्धता और अनुशासन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Advertisement

अभ्युदय कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी के लिए होगा प्रस्ताव तैयार

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत संचालित होने वाले कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी के लिए उपयुक्त स्थान का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थान चिह्नित कर आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिलेगा बेहतर माहौल

जिलाधिकारी ने कहा कि अभ्युदय कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी की स्थापना का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को प्रस्ताव जल्द तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का प्राथमिकता के आधार पर अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page