Connect with us

भदोही

स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर सपा ने कसी कमर

Published

on

Loading...
Loading...

आशुतोष सिन्हा का भव्य स्वागत

भदोही सपा कार्यालय में हुई अहम बैठक, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और अधिक से अधिक स्नातक मतदाता जोड़ने पर जोर

भदोही। आगामी स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कंसापुर स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय लोहिया ट्रस्ट में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा के आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-माला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की बनी रणनीति

बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और अधिक से अधिक स्नातक मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी नेताओं ने आगामी चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने और मतदाता पंजीकरण अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने का आह्वान किया।

गांवों और शिक्षण संस्थानों में चलेगा मतदाता पंजीकरण अभियान

जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने ब्लॉक, गांव, नगर और कस्बों में सक्रिय होकर स्नातक मतदाताओं से संपर्क करें। उन्होंने विशेष रूप से स्कूलों और कॉलेजों में जाकर स्नातक युवाओं एवं पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए फॉर्म भरवाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।

Advertisement

कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत: आशुतोष सिन्हा

प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने और चुनावी तैयारियों में पूरी सक्रियता से जुटने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि यदि किसी भी कार्यकर्ता का उत्पीड़न किया गया तो समाजवादी पार्टी चुप नहीं बैठेगी और कार्यकर्ताओं के हित में सड़क पर उतरकर संघर्ष करेगी।

कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

बैठक में हृदय नारायण प्रजापति, शोभनाथ यादव, आरिफ सिद्दीकी, विकास यादव, शैलेश सिंह मंटू, कल्लन यादव, जईम बेग, रमापति यादव, अंजनी सरोज, अरुण मौर्य, अंजनी शुक्ल, रमेश दादा, संतोष यादव, लालचंद बिंद, केश नारायण यादव, मनोज यादव, रामधनी यादव, पंचलाल सरोज, प्रदीप वियोगी, जिला कार्यालय प्रभारी गामा प्रसाद यादव और जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र कुमार मिश्र पप्पू सहित कई पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक के दौरान पार्टी नेताओं ने स्नातक एमएलसी चुनाव में अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंच बनाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संकल्प लिया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page