मिर्ज़ापुर
मीरजापुर में पुलिस मुठभेड़, 25 हजार का इनामी गो-तस्कर गिरफ्तार
तमंचा, कारतूस, 37,500 रुपये नकद और बिना नंबर की बाइक बरामद
मीरजापुर। अपराधियों और गो-तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना लालगंज पुलिस ने बुधवार को 25 हजार रुपये के इनामी वांछित गो-तस्कर को पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त के पैर में गोली लगी। उसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपराध की रोकथाम, अपराधियों की गिरफ्तारी और गो-तस्करी में शामिल अभियुक्तों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में 19 अगस्त को लालगंज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि 25 हजार रुपये का इनामी वांछित गो-तस्कर मोटरसाइकिल से नैड़ी कठारी से गड़बड़ा धाम रोड की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नैड़ी कठारी-गड़बड़ा धाम रोड स्थित पुलिया के पास घेराबंदी कर संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया।
गिरफ्तारी से बचने के लिए की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख अभियुक्त ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में सीमित जवाबी फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद वह सड़क पर गिरकर कराहने लगा, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
घायल अभियुक्त की हुई पहचान
पुलिस ने घायल अभियुक्त से नाम-पता पूछने पर उसकी पहचान गुफरान पुत्र ईशा, निवासी घुर्माबाद, जनपद रोहतास, बिहार, उम्र करीब 27 वर्ष के रूप में की। पुलिस के अनुसार, जामा तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .315 बोर का एक देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। इसके अलावा 37,500 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की है।
प्रयागराज और मध्य प्रदेश बॉर्डर से खरीदता था गोवंश
पूछताछ में अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से गोपीगंज, जनपद भदोही का रहने वाला है और वर्तमान में रोहतास, बिहार में रह रहा है। पुलिस के अनुसार, उसने बताया कि वह प्रयागराज और मध्य प्रदेश की सीमा से सस्ते दामों पर गोवंश खरीदकर बिहार में अधिक कीमत पर बेचता था। इसी उद्देश्य से वह मीरजापुर आया था।
कई मामलों में वांछित रहा है अभियुक्त
पुलिस के मुताबिक, गुफरान के खिलाफ मीरजापुर के लालगंज, जिगना और विंध्याचल थानों में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मुठभेड़ की इस घटना के संबंध में थाना लालगंज में मुकदमा संख्या 314/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस और 3/25/27 शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
25 हजार रुपये के इनामी वांछित गो-तस्कर की गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक थाना लालगंज वेद प्रकाश पाण्डेय अपनी पुलिस टीम के साथ शामिल रहे। चौकी प्रभारी बेलन बरौधा नरेन्द्र सिंह और उनकी टीम ने भी कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
