बलिया
ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत, गांव में शोक
फेफना के देवरिया कला में रेलवे ट्रैक के पास मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच
बलिया। फेफना थाना क्षेत्र के देवरिया कला गांव के पास बुधवार तड़के ट्रेन की चपेट में आने से 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान देवरिया कला निवासी रीना देवी (50), पत्नी सुमर वर्मा के रूप में हुई है। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के पास देखा शव
बुधवार सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के पास महिला का शव देखा। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद जीआरपी, रेलवे मोबाइल फोर्स और फेफना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
दो दिन पहले ही लौटी थीं गांव
परिजनों के अनुसार, रीना देवी लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और उनका इलाज समस्तीपुर तथा सौरी-रुस्तमपुर क्षेत्र में चल रहा था। वह दो दिन पहले ही अपने गांव लौटी थीं। वह तीन पुत्रों मंगल, आनंद और कृष्ण वर्मा की मां थीं। तीनों खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच में जुटी
महिला तड़के किन परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक तक पहुंचीं, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। फेफना थाना प्रभारी अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
