बलिया
बैरिया में भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा नगर
वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर निकली यात्रा, स्कूली बच्चों ने महापुरुषों की सजीव झांकियां सजाईं
बैरिया (बलिया)। राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर मंगलवार को बैरिया में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा के वरिष्ठ नेता चंद्रबदन मिश्र के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुआ शुभारंभ
यात्रा का शुभारंभ बैरिया त्रिमुहानी स्थित ‘द्वाबा के मालवीय’ स्वर्गीय मैनेजर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष लगाए। यात्रा शहीद स्मारक पहुंची, जहां अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर इसका समापन किया गया।
झांकियों ने खींचा लोगों का ध्यान
यात्रा का प्रमुख आकर्षण विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सजीव झांकियां रहीं। बच्चों ने महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस और चंद्रशेखर आजाद जैसे स्वतंत्रता सेनानियों का रूप धारण कर लोगों में देशभक्ति का संदेश दिया। महिला कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष विजय बहादुर सिंह, जयप्रकाश साहू, ब्लॉक प्रमुख डॉ. मधु सिंह, पदुम गुप्ता और प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मंडल अध्यक्ष सुशील पांडेय ने सभी सहभागियों के प्रति आभार जताया।
