गाजीपुर
मुहम्मदाबाद में तिरंगा यात्रा, शहीदों को किया नमन
बाइक सवार कार्यकर्ताओं ने लगाए भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व मंगलवार को भाजपा नगर मंडल की ओर से वरिष्ठ नेता पीयूष राय के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। शाहनिन्दा हनुमान मंदिर से शुरू हुई यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शहीद पार्क पहुंची। यात्रा में बाइक सवार कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाते हुए आगे बढ़े।
यात्रा आर्य समाज रोड, छत्तरधारी मोड़, चौक, सदर रोड, तहसील, हाटा रोड, केशरी मोड़, बिट्ठल चौराहा और तहसील गोलंबर होते हुए शहीद पार्क पहुंची। यहां शहीद डॉ. शिवपूजन राय और वंशनारायण राय की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मुख्य अतिथि पीयूष राय ने कहा कि तिरंगा देश के सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करती है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
यात्रा में शशांक राय, रामजी गिरी, ओमप्रकाश गिरी, सत्येंद्र राम, अनूप शर्मा, आलोक शर्मा, संतोष राजभर, गणेश गुप्ता, चंदन राय, प्रदीप राय समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। नगर मंडल अध्यक्ष सत्येंद्र राम ने सभी का आभार जताया।
