गाजीपुर
प्रदेश स्तरीय जूनियर बालिका फुटबॉल के लिए गाजीपुर की टीम चयनित
जिला ट्रायल में 25 खिलाड़ियों ने दिखाया दम, पांच खिलाड़ी मंडलीय चयन के लिए वाराणसी रवाना होंगी
गाजीपुर। प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए गुरुवार को नेहरू स्टेडियम, गोराबाजार में जिला स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किया गया। प्रतियोगिता 10 से 17 अगस्त तक अमेठी के स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगी। इसके लिए आयोजित ट्रायल में जिले की 25 बालिका खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
ट्रायल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के बाद पांच प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन मंडलीय ट्रायल के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ी 7 अगस्त को सुबह 9 बजे डॉ. सम्पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा (वाराणसी) में आयोजित मंडलीय चयन प्रक्रिया में भाग लेंगी। मंडलीय स्तर पर चयनित खिलाड़ी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में गाजीपुर मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगी।
जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया फुटबॉल प्रशिक्षिका संगीता यादव, जिला फुटबॉल संघ के संयुक्त सचिव मो. मोईन तथा क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद की देखरेख में संपन्न हुई। अधिकारियों ने चयनित खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश स्तर पर जिले का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई।
