गाजीपुर
माँ पार्वती की पुण्यतिथि पर मुसहर बस्ती में फल वितरण
माँ पार्वती जन सेवा ट्रस्ट ने जरूरतमंदों की सेवा कर दी श्रद्धांजलि, मानवता और करुणा का दिया संदेश
सादात (गाज़ीपुर)। माँ पार्वती जन सेवा ट्रस्ट द्वारा अपनी प्रेरणास्रोत एवं ट्रस्ट की स्थापना की आधारशिला रही पूज्यनीय माँ पार्वती जी की पुण्यतिथि पर मुसहर समुदाय के बीच फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने जरूरतमंद परिवारों और बच्चों को फल वितरित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि माँ पार्वती का जीवन सादगी, करुणा, सेवा और मानवता के उच्च आदर्शों का प्रतीक था। उनकी पावन स्मृतियाँ आज भी समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद लोगों की निस्वार्थ सेवा करने की प्रेरणा देती हैं। ट्रस्ट उन्हीं आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए वंचित, गरीब और असहाय वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

ट्रस्ट के सदस्यों ने कहा कि किसी महान व्यक्तित्व को सच्ची श्रद्धांजलि केवल पुष्प अर्पित करने से नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सेवा और उनके जीवन में खुशियाँ बाँटने से मिलती है। इसी भावना के साथ ट्रस्ट भविष्य में भी समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए सेवा कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने “सेवा ही सबसे बड़ी श्रद्धांजलि है” का संकल्प दोहराते हुए समाजसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
