गाजीपुर
अतिरिक्त दहेज की मांग पर विवाहिता से मारपीट का आरोप, पांच पर केस दर्ज
पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के कसेरा पोखरा गांव की एक विवाहिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मारपीट और उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता अनीता देवी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उनके पति अरविंद कुमार, ससुर सिंहासन पासी, सास मीरा देवी, बड़ी सास दाहा देवी तथा ननद ज्योति कुमारी ने कथित रूप से 5 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उनके साथ मारपीट की और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।
विवाहिता का आरोप है कि उनका पति शराब के नशे में आए दिन मारपीट करता है और एक वर्षीय बच्चे को भी उनसे छीनने का प्रयास करता है।
प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि विवाहिता के पिता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
