Connect with us

गाजीपुर

रेलवे स्टेशन बाजार की बिजली समस्याओं को लेकर सभासद ने सौंपा ज्ञापन

Published

on

Loading...
Loading...

जर्जर तार बदलने, ट्रांसफार्मरों की घेराबंदी और अलग फीडर शुरू कराने की उठाई मांग

जमानिया (गाजीपुर)। रेलवे स्टेशन क्षेत्र की जर्जर विद्युत व्यवस्था में सुधार और संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम की मांग को लेकर वार्ड सभासद प्रमोद यादव ने गुरुवार को विद्युत उपखंड अधिकारी लोकेश कुमार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने क्षेत्र की तीन प्रमुख समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।

सभासद ने बताया कि राधा कृष्ण मंदिर से गांधी चौक तक बिजली के तार काफी जर्जर हो चुके हैं। कई स्थानों पर तारों में 150 से 200 तक जोड़ लगे होने के कारण वे अक्सर टूटकर गिर जाते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। उन्होंने इस मार्ग पर लगभग 200 से 250 मीटर केबलयुक्त नए विद्युत तार लगाए जाने की मांग की।

ज्ञापन में सरकारी बस स्टैंड के पास स्थापित ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा के लिए घेराबंदी कराने की भी मांग की गई। सभासद का कहना है कि ट्रांसफार्मरों के निकट शराब की दुकान होने से लोगों की आवाजाही अधिक रहती है, जिससे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।

इसके अलावा उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-24 के किनारे स्टेशन क्षेत्र के लिए प्रस्तावित 11 हजार वोल्ट के अलग विद्युत फीडर का कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की। उनका कहना है कि कुछ पोलों की कमी और बरसात के कारण जलभराव होने से यह परियोजना अधूरी है। फीडर चालू होने पर स्टेशन क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में काफी सुधार होगा।

Advertisement

उपखंड अधिकारी लोकेश कुमार ने ज्ञापन प्राप्त कर सभी समस्याओं की जांच कराने तथा आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page