गाजीपुर
महाहर धाम में नवनिर्मित पुलिस चौकी का लोकार्पण
डीएम-एसपी ने फीता काटकर किया उद्घाटन, सावन मेले की तैयारियों का लिया जायजा
मरदह (गाजीपुर)। सावन माह में महाहर धाम पर होने वाले जलाभिषेक और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने अधिकारियों के साथ महाहर धाम शिव मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मंदिर समिति द्वारा निर्मित नवनिर्मित पुलिस एवं राजस्व चौकी का फीता काटकर लोकार्पण किया और उसकी चाबी संबंधित विभाग को सौंपी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पेयजल, साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन किया। संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि सावन माह में महाहर धाम पर लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण और सुगम दर्शन उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नई पुलिस चौकी के संचालन से महाहर धाम सहित आसपास के दर्जनों गांवों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
इस अवसर पर मरदह थानाध्यक्ष, मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉ. रामप्रवेश सिंह, उपाध्यक्ष प्रवीण पटवा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
