गाजीपुर
रात में घर में घुसकर कार्रवाई का पुलिस पर आरोप
परिवार ने उठाए सवाल
सीसीटीवी उखाड़कर ले जाने और बिना महिला पुलिसकर्मी तलाशी लेने का आरोप, पुलिस का पक्ष आना बाकी
सेवराई (गाजीपुर)। सेवराई तहसील क्षेत्र के गदाईपुर पथरा गांव में एक परिवार ने गहमर थाना और कामाख्या धाम चौकी पुलिस पर देर रात घर में घुसकर कार्रवाई करने, सीसीटीवी कैमरा उखाड़कर ले जाने तथा बिना महिला पुलिसकर्मियों के महिलाओं की मौजूदगी में तलाशी लेने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
परिवार के मुखिया शिवशंकर चौधरी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे। आरोप है कि पुलिस ने पड़ोसी मकानों की दीवारों के सहारे घर को चारों ओर से घेर लिया और अंदर प्रवेश कर पूरे मकान की तलाशी ली। परिवार का कहना है कि उस समय घर में महिलाएं और युवतियां मौजूद थीं, लेकिन तलाशी के दौरान कोई महिला पुलिसकर्मी साथ नहीं थी।
परिजनों का आरोप है कि तलाशी के दौरान कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिलने पर पुलिस ने घर में लगा सीसीटीवी कैमरा उखाड़कर अपने साथ ले लिया और अजय चौधरी को हिरासत में लेकर थाने चली गई। परिवार का कहना है कि पुलिस ने कार्रवाई का कारण भी स्पष्ट नहीं किया।
परिजनों के अनुसार गांव में पहले हुई हत्या के एक मामले में शिवशंकर चौधरी और उनके तीन पुत्रों को आरोपी बनाया गया था। वे सभी न्यायालय से जमानत पर रिहा होकर घर पर रह रहे हैं। उनका यह भी कहना है कि दो दिन पहले संजय चौधरी को पुलिस ने शांति भंग की आशंका में निरुद्ध कर चालान किया था, जिसके बाद उन्हें जमानत मिल गई थी।
परिवार ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने और पुलिस कार्रवाई की वैधता की जांच की मांग की है।
नोट: यह समाचार पीड़ित परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। इस संबंध में पुलिस का आधिकारिक पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। पुलिस का पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
