गाजीपुर
मीटर लगा, बिल भी आ रहा… लेकिन पंचायत भवन तक नहीं पहुंची बिजली
300 मीटर दूर है पोल, बिजली के अभाव में पंचायत के प्रशासनिक और ऑनलाइन कार्य प्रभावित
भांवरकोल (गाजीपुर)। विकास खंड भांवरकोल की ग्राम पंचायत भदौरा में बिजली व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। पंचायत भवन में विद्युत कनेक्शन स्वीकृत है, मीटर भी लगाया जा चुका है और नियमित रूप से बिजली बिल भी भेजा जा रहा है, लेकिन आज तक भवन तक न तो बिजली के पोल लगाए गए और न ही विद्युत लाइन पहुंचाई गई।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बिट्टू सिंह कुशवाहा ने बताया कि पंचायत भवन से निकटतम बिजली का पोल करीब 300 मीटर दूर है। पोल और एलटी लाइन नहीं होने के कारण भवन में बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। इससे पंचायत के प्रशासनिक कार्य, ऑनलाइन सेवाएं, बैठकों का संचालन तथा ग्रामीणों को मिलने वाली विभिन्न डिजिटल सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार विद्युत विभाग से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्राम पंचायत की ओर से विभागीय अधिकारियों से शीघ्र पोल और विद्युत लाइन का विस्तार कर पंचायत भवन में बिजली आपूर्ति शुरू कराने की मांग की गई है।
वहीं, इस मामले में जब संबंधित विद्युत उपखंड अधिकारी (एसडीओ) से संपर्क किया गया तो उन्होंने स्पष्ट जवाब देने से परहेज किया। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की उदासीनता के कारण जनहित से जुड़े कार्य बाधित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर जल्द समाधान कराने की मांग की है।
