गोरखपुर
सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 11.18 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में पीपीगंज पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी नियुक्ति पत्र और आईडी कार्ड देकर 11.18 लाख रुपये हड़पने का आरोप है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष पीपीगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना पीपीगंज पर दर्ज मु.अ.सं. 171/2026 से संबंधित आरोपी संतोष कुमार गौतम को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ धारा 419, 420, 467, 468 और 471 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वादी को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 11,18,400 रुपये वसूल लिए। इसके बाद उसे फर्जी नियुक्ति पत्र और आईडी कार्ड सौंप दिया। जब दस्तावेजों की जांच हुई तो वे पूरी तरह फर्जी पाए गए। पीड़ित ने रुपये वापस मांगे, लेकिन आरोपी ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष कुमार गौतम पुत्र हरी प्रसाद, निवासी अन्हारीबाग, थाना कुबेरस्थान, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ कुशीनगर के कसया थाने में भी आपराधिक विश्वासघात का एक मामला दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही मामले में अन्य संभावित आरोपियों और ठगी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
