गोरखपुर
भाजयुमो उपाध्यक्ष की हत्या की सुपारी देने के आरोपों पर विवाद
व्यापारी ने आरोपों को बताया निराधार
गोरखपुर। शहर में एक व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल हुए संदेशों को लेकर व्यापारिक वर्ग में विवाद गहरा गया है। गुरुवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में व्यापारी राजेश कुमार मद्धेशिया ने उनके खिलाफ लगाए जा रहे उन आरोपों का खंडन किया, जिनमें कहा गया है कि उन्होंने भाजयुमो के उपाध्यक्ष मनीष जैन की हत्या के लिए सुपारी दी है। उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार और उनकी छवि खराब करने की साजिश बताया।
प्रेस वार्ता में राजेश मद्धेशिया ने कहा कि सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप में उनके संबंध में झूठी और भ्रामक बातें प्रसारित की जा रही हैं। उनका दावा है कि उनके पास वायरल संदेशों के स्क्रीनशॉट सहित अन्य साक्ष्य मौजूद हैं, जिनके आधार पर वह संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।
उन्होंने कहा कि आरोप लगाने वालों के विरुद्ध मानहानि, आपराधिक साजिश और धमकी सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। साथ ही इस संबंध में पुलिस से भी शिकायत की जाएगी, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो सके।
प्रेस वार्ता में मौजूद किराना व्यापारियों के प्रतिनिधियों ने भी राजेश मद्धेशिया के समर्थन में निष्पक्ष जांच की मांग की। उनका कहना था कि व्यापारियों को गुमराह करने और उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
