गोरखपुर
संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत
परिजनों ने पत्नी पर लगाया हत्या का आरोप
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, पत्नी से पूछताछ में जुटी पुलिस
गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतक की मां और बहन ने उसकी पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पिपराइच थाना क्षेत्र के विकास भारती चौराहा निवासी विवेक गौड़ की बुधवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की बहन का आरोप है कि विवेक की शादी 26 फरवरी 2026 को हुई थी। शादी के बाद से उसकी पत्नी उसे लगातार प्रताड़ित करती थी। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2026 में पत्नी ने विवेक के खिलाफ एक मुकदमा भी दर्ज कराया था। अब परिजनों का आरोप है कि विवेक की हत्या की गई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
घटना की सूचना पर पिपराइच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक की पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। वहीं, मृतक की मां घटना के समय बेंगलुरु में थीं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
