Connect with us

गाजीपुर

भीमापार बाजार में जर्जर पोल के सहारे बिजली आपूर्ति

Published

on

Loading...
Loading...

हादसे की आशंका से सहमे लोग

व्यस्त गांधी चौराहे पर महीनों से क्षतिग्रस्त स्टील पोल, शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई; अधिशासी अभियंता ने दिया जल्द बदलने का आश्वासन

भीमापार (गाजीपुर)। भीमापार विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत स्थानीय बाजार के व्यस्त गांधी चौराहे पर महीनों से एक जर्जर स्टील राउंड पोल के सहारे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। बाजार के बीच स्थित इस क्षतिग्रस्त पोल को लेकर स्थानीय लोगों में हादसे की आशंका बनी हुई है। उनका आरोप है कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद अब तक पोल बदलने की कार्रवाई नहीं की गई।

बरसात में बढ़ी दुर्घटना की आशंका

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में विद्युत दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है। ऐसे में व्यस्त बाजार के बीच जर्जर पोल के सहारे बिजली आपूर्ति जारी रहना गंभीर लापरवाही है। गांधी चौराहे से प्रतिदिन बड़ी संख्या में राहगीरों, दुकानदारों और वाहनों का आवागमन होता है। लोगों का कहना है कि यदि पोल क्षतिग्रस्त होकर गिरता है या कोई विद्युत दुर्घटना होती है, तो बड़ा हादसा हो सकता है।

डीएम के निर्देशों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

हाल ही में जिलाधिकारी ने बारिश के मौसम में विद्युत सुरक्षा के मद्देनज़र खंभों की स्थिति की जांच करने, सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसके बावजूद भीमापार बाजार में जर्जर पोल को नहीं बदला गया है।

Advertisement

अधिकारियों का पक्ष

इस संबंध में कनिष्ठ अभियंता इंदल राम ने बताया कि जर्जर पोल की सूचना पहले ही अधिशासी अभियंता को भेजी जा चुकी है, लेकिन अब तक उसे बदलने के निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं।

वहीं अधिशासी अभियंता ने दूरभाष पर बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि जर्जर पोल को शीघ्र बदलने के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।

स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि किसी संभावित दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय तत्काल जर्जर पोल बदलकर सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page