वाराणसी
एलआईसी में निवेश के नाम पर 39 लाख की कथित ठगी, पुलिस आयुक्त से कार्रवाई की गुहार
पीड़ितों का आरोप- फर्जी रसीदें देकर वसूले रुपये, पैसा मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
निवेश का झांसा देकर लाखों रुपये लेने का आरोप
वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र के कई लोगों ने एलआईसी में निवेश कराने के नाम पर ₹39.07 लाख से अधिक की कथित ठगी का आरोप लगाते हुए पुलिस आयुक्त वाराणसी से शिकायत की है। पीड़ितों ने प्रार्थना पत्र देकर मामले में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
एलआईसी के नाम पर दी गईं कथित फर्जी रसीदें
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, जंसा थाना क्षेत्र के बेरुका गांव निवासी अशोक कुमार शर्मा उर्फ मुन्ना, कृष्ण कुमार सिंह उर्फ मुकेश और रितेश कुमार सिंह उर्फ करिया ने एलआईसी पॉलिसी में निवेश कराने का भरोसा देकर विभिन्न लोगों से लाखों रुपये जमा कराए। आरोप है कि एलआईसी में राशि जमा करने के बजाय अलग-अलग कंपनियों की रसीदें देकर उन्हें एलआईसी से संबद्ध कंपनी बताया गया और अधिक लाभ का लालच दिया गया।
रसीदों की जांच में सामने आई कथित सच्चाई
पीड़ितों का कहना है कि समय बीतने पर जब उन्होंने अपना पैसा वापस मांगा तो उन्हें मैच्योरिटी पूरी होने का हवाला देकर टाल दिया गया। बाद में एक एलआईसी एजेंट से रसीदों की जांच कराने पर उनके कथित रूप से फर्जी होने की जानकारी मिली।
पैसा मांगने पर धमकी देने का आरोप
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि 26 जुलाई 2026 को जब उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने भुगतान से इनकार कर दिया। साथ ही गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद पीड़ितों ने जंसा थाने में शिकायत की, जहां से उन्हें उच्चाधिकारियों से संपर्क करने की सलाह दी गई।
एफआईआर दर्ज कराने की मांग
पीड़ितों ने पुलिस आयुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने तथा धनराशि की वसूली सहित कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
