Connect with us

वाराणसी

अमिनी में गुमटी हटाने की कार्रवाई के दौरान हंगामा, महिला व छात्रा घायल होने का आरोप

Published

on

Loading...
Loading...

परिवार ने पुलिस और राजस्व टीम पर मारपीट का लगाया आरोप, पुलिस ने आरोपों से किया इनकार

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान बढ़ा विवाद, पूरे मामले की जांच शुरू

मिर्जामुराद (वाराणसी)। क्षेत्र के अमिनी गांव में शुक्रवार शाम गुमटी हटाने की कार्रवाई के दौरान पुलिस, राजस्व विभाग की टीम और एक परिवार के बीच विवाद हो गया। परिवार ने पुलिस और राजस्व कर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने इन आरोपों से इनकार करते हुए बताया कि सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान केवल विरोध और नोकझोंक हुई थी। मामले की जांच की जा रही है।

परिवार ने निजी भूमि होने का किया दावा

अमिनी गांव निवासी कमला देवी के परिजनों का कहना है कि परिवार जीविकोपार्जन के लिए गुमटी में दुकान चलाता है और जिस स्थान पर गुमटी रखी गई है, वह उनकी निजी भूमि है। उनका दावा है कि भूमि की पैमाइश के लिए कई बार तहसील राजातालाब में प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन अब तक नापी नहीं कराई गई। परिजनों के अनुसार, पिछले छह माह में छह से अधिक बार जेसीबी से गुमटी हटाई जा चुकी है।

महिलाओं से मारपीट का आरोप

परिवार का आरोप है कि नायब तहसीलदार के निर्देश पर गुमटी हटाने के बावजूद शुक्रवार शाम जेसीबी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। विरोध करने पर कमला देवी, एलएलबी की छात्रा अनुराधा और अनीता देवी के साथ मारपीट की गई, जिससे वे घायल हो गईं। परिजनों ने अन्य सदस्यों के साथ भी अभद्रता और मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बाद में पुलिस घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले गई और परिवार के कुछ लोगों को थाने भी ले गई।

Advertisement

निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

अमिनी निवासी हिमाचल पटेल ने मिर्जामुराद थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान की शिकायत पर राजस्व टीम और पुलिस ने उनकी आराजी संख्या 245 व 350 पर रखी गुमटी को बिना पूर्व सूचना हटाने की कार्रवाई की। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर पुलिस और राजस्व टीम के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने आरोपों से किया इनकार

थाना प्रभारी ने बताया कि राजस्व विभाग की मौजूदगी में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया और नोकझोंक हुई। उन्होंने कहा कि घायल होने की सूचना पर महिलाओं को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है तथा पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page