Connect with us

गाजीपुर

गाजीपुर की दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी ई-ट्राईसाइकिल, ऑनलाइन आवेदन शुरू

Published

on

Loading...
Loading...

16 वर्ष से अधिक आयु की अध्ययनरत छात्राएं होंगी पात्र, एक ई-ट्राईसाइकिल पर ₹65 हजार तक का मिलेगा लाभ

गाजीपुर। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अध्ययनरत दिव्यांग छात्राओं के लिए ई-ट्राईसाइकिल योजना शुरू की है। योजना का उद्देश्य दिव्यांग छात्राओं को विद्यालय, महाविद्यालय, लाइब्रेरी, हॉस्टल एवं अन्य शिक्षण संस्थानों तक सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराकर उनके शैक्षिक पुनर्वास को बढ़ावा देना है।

योजना के तहत जनपद की 16 वर्ष या उससे अधिक आयु की ऐसी दिव्यांग छात्राएं आवेदन कर सकती हैं, जो किसी स्कूल, कॉलेज या प्रशिक्षण संस्थान में अध्ययनरत हों। प्रत्येक लाभार्थी को ई-ट्राईसाइकिल के लिए अधिकतम 65 हजार रुपये तक की सहायता प्रदान की जाएगी।

योजना का लाभ मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पाल्सी, हीमोफीलिया सहित अन्य शारीरिक दिव्यांगता से ग्रसित उन छात्राओं को मिलेगा, जिनकी दिव्यांगता मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा प्रमाणित हो तथा जिनकी दृष्टि, मानसिक स्थिति और कमर के ऊपर का हिस्सा स्वस्थ हो, ताकि वे ई-ट्राईसाइकिल संचालित कर सकें।

योजना के तहत आयकरदाता परिवारों की छात्राएं पात्र नहीं होंगी। गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही, पिछले पांच वर्षों में किसी भी स्रोत से ई-ट्राईसाइकिल का लाभ प्राप्त कर चुकी छात्राएं इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी।

Advertisement

योजना में आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। आवेदन के साथ संबंधित शिक्षण संस्थान से अध्ययनरत होने का प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने इच्छुक छात्राओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, गाजीपुर से संपर्क किया जा सकता है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page