गोरखपुर
एमएमएमयूटी में बीटेक प्रथम वर्ष के छात्रों की रिपोर्टिंग 29 जुलाई से
प्रमाणपत्र सत्यापन के बाद 31 जुलाई को होगा ओरिएंटेशन, 3 अगस्त से शुरू होंगी नियमित कक्षाएं
गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी), गोरखपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के बीटेक प्रथम वर्ष में नवप्रवेशित विद्यार्थियों की भौतिक रिपोर्टिंग और प्रमाणपत्रों के सत्यापन की प्रक्रिया 29 जुलाई 2026 से शुरू होगी। यह प्रक्रिया विश्वविद्यालय के बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित की जाएगी।
विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता स्नातक अध्ययन प्रो. वीके मिश्र ने बताया कि नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए रिपोर्टिंग, प्रमाणपत्र सत्यापन, ओरिएंटेशन कार्यक्रम, नियमित कक्षाओं और छात्रावास शुल्क जमा करने की विस्तृत समय-सारिणी एवं दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। विद्यार्थी यह जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 29 जुलाई को कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (आईओटी) और केमिकल इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों की रिपोर्टिंग एवं दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा। वहीं, 30 जुलाई को सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग और इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के छात्रों की प्रक्रिया पूरी होगी।
सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए 31 जुलाई को ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जबकि 3 अगस्त 2026 से प्रथम वर्ष की नियमित कक्षाएं शुरू होंगी।
प्रो. वीके मिश्र ने बताया कि विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि पर स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य होगा। उन्हें मूल शैक्षणिक अभिलेखों के साथ उनकी दो-दो स्वप्रमाणित छायाप्रतियां, शुल्क जमा करने की रसीद और चार पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो लाने होंगे।
इसके अलावा छात्रों को सीट एलॉटमेंट लेटर, हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की अंकपत्र व प्रमाणपत्र, आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र, चरित्र प्रमाणपत्र, आरक्षण एवं आय प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र और एंटी रैगिंग से संबंधित आवश्यक प्रपत्र भी साथ लाने होंगे।
अधिष्ठाता छात्र मामले प्रो. जय प्रकाश ने बताया कि छात्रावास की सुविधा लेने वाले विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन शुल्क जमा करने की व्यवस्था की गई है। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा कराएं।
