गाजीपुर
मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत गाजीपुर में चला जागरूकता अभियान
एंटी रोमियो टीम ने संवेदनशील क्षेत्रों में की चेकिंग, बाजारों में पैदल गश्त कर महिलाओं को किया जागरूक
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत गुरुवार को जनपद गाजीपुर के सभी थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर लोगों को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा से जुड़े कानूनों, हेल्पलाइन नंबरों तथा आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही उन्हें किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में तैनात एंटी रोमियो टीमों ने स्कूल, कॉलेज, बाजार और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध एवं मनचलों की निगरानी करते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई।
गाजीपुर पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा समाज में महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
