गाजीपुर
सिधौना आयुर्वेदिक चिकित्सालय का औचक निरीक्षण
हर्बल गार्डन विकसित करने के निर्देश
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई और अभिलेखों की जांच की
सिधौना (गाजीपुर)। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी दिग्विजय नाथ ने गुरुवार को सिधौना बाजार स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, इशोपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, दवा भंडारण व्यवस्था, स्टॉक रजिस्टर, उपस्थिति पंजिका तथा अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दिग्विजय नाथ ने चिकित्सालय परिसर का भ्रमण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और दवाओं के रखरखाव की जानकारी ली। निरीक्षण के बाद उन्होंने चिकित्सालय की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए साफ-सफाई और अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव की सराहना की। उन्होंने कर्मचारियों को अनुशासन एवं गुणवत्ता के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान चिकित्साधिकारी डॉ. समीक्षा बरनवाल ने चिकित्सालय में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध दवाओं, योग एवं आयुष गतिविधियों तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण के समय फार्मासिस्ट रमेश, वार्ड बॉय कांता प्रसाद, योग प्रशिक्षक मुकेश यादव और योग सहायक दिलीप यादव भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के अंत में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने चिकित्सालय के सामने स्थित खाली भूमि पर हर्बल गार्डन विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे औषधीय पौधों का संरक्षण और संवर्धन होगा तथा आमजन और मरीजों को आयुर्वेद में प्रयुक्त औषधीय वनस्पतियों की जानकारी भी मिल सकेगी। उन्होंने विभिन्न औषधीय पौधों का रोपण कर चिकित्सालय परिसर को आदर्श हर्बल गार्डन के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।
अंत में दिग्विजय नाथ ने सभी कर्मचारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने का आह्वान किया।
