गाजीपुर
पीएम श्री विद्यालय में टूटा 11 केवी हाईटेंशन तार, बड़ा हादसा टला
कक्षा संचालन के दौरान विद्यालय परिसर में गिरा विद्युत तार, छात्रों और शिक्षकों में मची अफरा-तफरी
समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, विद्यालय परिवार ने हाईटेंशन लाइन हटाने की उठाई मांग
गाजीपुर। शिक्षा क्षेत्र सादात के पीएम श्री विद्यालय भंवरपुर में बुधवार सुबह करीब 11:05 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्यालय परिसर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट (11 केवी) की हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार अचानक टूटकर स्कूल परिसर में गिर पड़ा। घटना के समय लाइन में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिससे छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में दहशत फैल गई। हालांकि, संयोगवश कोई भी छात्र, शिक्षक या कर्मचारी तार की चपेट में नहीं आया और एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय विद्यालय में नियमित रूप से कक्षाएं संचालित हो रही थीं। तार गिरते ही विद्यालय परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही प्रधानाध्यापिका सीमा पाल ने संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया।
सूचना पर खंड शिक्षा अधिकारी सादात हेमवंत कुमार मौके पर पहुंचे और विद्युत विभाग को तत्काल सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया तथा आवश्यक सुरक्षा संबंधी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
घटना के समय विद्यालय में कमलेश प्रसाद, संतोष सिंह, चंदन यादव, प्रतीक सिंह एवं सीताराम पाल सहित अन्य शिक्षक मौजूद थे। सभी ने राहत की सांस ली कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद विद्यालय परिवार और स्थानीय लोगों ने विद्यालय परिसर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन को तत्काल सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने अथवा स्थायी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
