गाजीपुर
एफएमडी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ
5 सितंबर तक 6.19 लाख गाय-भैंसों को लगाया जाएगा निःशुल्क टीका
48 टीमें गांव-गांव पहुंचकर करेंगी टीकाकरण, पशुपालकों से सहयोग की अपील
गाजीपुर। राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनएडीसीपी) के अंतर्गत खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का बुधवार को शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने राइफल क्लब परिसर से टीकाकरण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविन्द कुमार शाही ने बताया कि 22 जुलाई से 5 सितंबर 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान जनपद के 6 लाख 19 हजार 400 गाय एवं भैंसों का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि खुरपका-मुंहपका एक अत्यंत संक्रामक रोग है, जो संक्रमित पशु से दूसरे पशु में तेजी से फैलता है। इस बीमारी से पशुओं में बुखार, कमजोरी तथा मुंह और खुरों में छाले पड़ जाते हैं, जिससे उनका खान-पान और दुग्ध उत्पादन प्रभावित होता है।
अभियान को सफल बनाने के लिए जनपद के सभी 16 विकास खंडों में 48 टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें गांव-गांव और घर-घर जाकर पशुओं का टीकाकरण करेंगी। विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि वे टीकाकरण टीमों का सहयोग करें ताकि कोई भी पात्र पशु टीकाकरण से वंचित न रहे।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि चार माह से कम आयु के बछड़ों तथा आठ माह से अधिक गर्भित पशुओं को एफएमडी का टीका नहीं लगाया जाएगा। इसके अलावा सभी पात्र पशुओं का टीकाकरण पूरी तरह निःशुल्क किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविन्द कुमार शाही, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी तथा मोबाइल वेटेनरी यूनिट के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
