गोरखपुर
उरुवा ब्लॉक में भूजल संरक्षण पर गोष्ठी, जल बचाने का लिया संकल्प
गोरखपुर। भूजल सप्ताह के तहत विकासखंड उरुवा के सभागार में मंगलवार को “भूजल सर्वेक्षण एवं संरक्षण” विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह ने की, जिसमें भूजल संरक्षण और जल संसाधनों के सतत उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए खंड विकास अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह ने कहा कि लगातार भूजल स्तर नीचे जा रहा है। यदि अभी से इसके संरक्षण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले 10 वर्षों में लोगों को पीने के पानी के लिए भी गंभीर संकट का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि पानी की एक-एक बूंद बचाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ प्रशासन और आमजन की सहभागिता भी बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से वर्षा जल संचयन अपनाने और जल के अनावश्यक दुरुपयोग से बचने का आह्वान किया।
गोष्ठी में भूजल संरक्षण के विभिन्न उपायों पर चर्चा की गई तथा जल संसाधनों के संरक्षण को जन आंदोलन बनाने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर एडीओ पंचायत सभाजीत यादव, सदानंद, राघवेन्द्र, विनोद कुमार, कृष्णमोहन, संदीप कुमार सहित विकासखंड के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
