Connect with us

वाराणसी

वाराणसी नगर निगम की नई पहल: अब 4 घंटे में दूर होंगी 14 तरह की नागरिक समस्याएं

Published

on

Loading...
Loading...

25 वार्डों में शुरू हुआ स्मार्ट पायलट प्रोजेक्ट, व्हाट्सएप चैटबॉट पर शिकायत दर्ज होते ही होगी कार्रवाई

वाराणसी। नगर निगम वाराणसी ने शहर की बुनियादी जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक महत्वाकांक्षी पहल शुरू की है। 21 जुलाई से लागू हुए ‘त्वरित-समाधान स्मार्ट पायलट प्रोजेक्ट’ के तहत गंगा तट से जुड़े 25 वार्डों में नागरिकों की शिकायतों का अधिकतम चार घंटे के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए नागरिक व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 8601872601 पर सीधे शिकायत दर्ज कर सकेंगे।

सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि यह परियोजना 27 जून को हुई कार्यकारिणी समिति की बैठक के निर्णय के अनुपालन में शुरू की गई है। परियोजना का उद्देश्य नागरिकों को दफ्तरों के चक्कर लगाए बिना तकनीक के माध्यम से त्वरित राहत उपलब्ध कराना है।

‘Hi’ लिखते ही शुरू होगी शिकायत प्रक्रिया

महापौर ने बताया कि शिकायत दर्ज करने के लिए नागरिकों को व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 8601872601 पर “Hi” भेजना होगा। इसके बाद चैटबॉट के निर्देशानुसार शिकायत का प्रकार, वार्ड, घटना स्थल की लाइव जीपीएस लोकेशन और फोटो अपलोड करनी होगी।

Advertisement

शिकायत दर्ज होते ही स्वचालित प्रणाली संबंधित अधिकारी के मोबाइल एप पर सूचना भेज देगी। अधिकारी मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेगा और जियो-टैग्ड फोटो अपलोड करेगा। सत्यापन के बाद शिकायत स्वतः बंद हो जाएगी तथा शिकायतकर्ता को व्हाट्सएप पर समाधान का संदेश प्राप्त होगा।

इन 14 समस्याओं का होगा चार घंटे में समाधान

नगर निगम के छह विभागों की कुल 14 प्रमुख समस्याओं को इस योजना में शामिल किया गया है—

  • स्वास्थ्य विभाग: सफाई, डोर-टू-डोर कूड़ा उठान, खाली प्लॉट की सफाई, गली-नाली की सफाई, सार्वजनिक शौचालय/यूरिनल की सफाई।
  • जलकल विभाग: सीवर ओवरफ्लो, 100 एमएम तक की पाइप लाइन लीकेज मरम्मत, गंदे पानी के बहाव की समस्या।
  • सामान्य अभियंत्रण विभाग: जलभराव और नाला बैरिकेडिंग।
  • आलोक विभाग: स्ट्रीट लाइट के खंभों में करंट उतरना तथा स्ट्रीट लाइट का समय से जलना-बंद होना।
  • उद्यान विभाग: उद्यानों से कचरा हटाना।
  • पशु विभाग: सार्वजनिक स्थानों पर मृत पशुओं का निस्तारण।

प्रथम चरण में 25 वार्ड शामिल

पायलट प्रोजेक्ट के पहले चरण में आदमपुर, भेलूपुर, दशाश्वमेध और कोतवाली जोन के कुल 25 वार्डों को शामिल किया गया है। इनमें राजघाट, कोनिया, घसियारीटोला, ओमकालेश्वर, प्रह्लादघाट, हनुमान फाटक, शिवाला, बागहाड़ा, मदनपुरा, नगवां, सिगरा, दशाश्वमेध, बंगालीटोला, जंगमबाड़ी, सूर्यकुंड, रामापुरा, आदिविशेश्वर, मध्यमेश्वर, गोलादीनानाथ, पियरीकलां, कालभैरव, बिंदुमाधव, कृतिवाशेश्वर, ईश्वरगंगी और बलुआबीर वार्ड शामिल हैं।

कमांड सेंटर से होगी निगरानी

शिकायतों की लाइव मॉनिटरिंग और दैनिक समीक्षा के लिए विशेष कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है। यहां आईटी एक्सपर्ट, डेटा एनालिस्ट और ऑपरेटरों की टीम सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक कार्य करेगी। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए नागरिक नगर निगम हेल्पलाइन 0542-2720005 पर भी संपर्क कर सकते हैं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page