बलिया
न्यायालय के आदेश से लगाए गए सीमांकन पत्थर उखाड़े
एसडीएम न्यायालय के आदेश पर हुआ था खेत का सीमांकन, अज्ञात दबंगों पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप
चांददीयर मौजा का मामला, आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई में जुटी पुलिस
बैरिया (बलिया)। एसडीएम न्यायालय के आदेश पर खेत के सीमांकन के बाद लगाए गए सरकारी पत्थरों को उखाड़कर फेंकने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर बैरिया थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सारण जनपद के मांझी थाना क्षेत्र के बहोरन सिंह के टोला निवासी लवजी सिंह का खेत बैरिया तहसील क्षेत्र के चांददीयर मौजा में स्थित है। भूमि विवाद के चलते एसडीएम न्यायालय के आदेश पर राजस्व निरीक्षक ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार खेत का सीमांकन कराया था तथा पहचान और सुरक्षा के लिए सरकारी सीमांकन पत्थर स्थापित किए गए थे।
आरोप है कि सीमांकन के कुछ समय बाद ही कुछ अज्ञात दबंगों ने सरकारी पत्थरों को उखाड़कर फेंक दिया। इस घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने बैरिया थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और सीमांकन चिन्हों को क्षतिग्रस्त करने वाले आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत एवं कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
