गोरखपुर
ताल रिंग रोड फेज-2 का जीडीए उपाध्यक्ष ने किया निरीक्षण
ताल में गंदगी पर जताई नाराजगी
दो दिन में मांगा सफाई और सुंदरीकरण का प्लान, कार्यों में तेजी और गुणवत्ता के दिए निर्देश
गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने बुधवार को ताल रिंग रोड के दूसरे फेज का निरीक्षण किया। इस दौरान आरकेबीके (वर्तमान स्मार्ट व्हील्स) और पैडलेगंज के समीप ताल में फैली गंदगी देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित एजेंसी को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने सफाई विशेषज्ञ फर्म मेसर्स अल्फामर्स के प्रबंध निदेशक को दो दिनों के भीतर ताल की व्यापक सफाई का विस्तृत कार्ययोजना (एक्शन प्लान) प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। साथ ही पूरे क्षेत्र के सफाई एवं सुंदरीकरण के लिए विस्तृत प्रस्ताव भी मांगा गया, ताकि योजना पर शीघ्र कार्य शुरू किया जा सके।
उपाध्यक्ष ने पैडलेगंज से निरीक्षण की शुरुआत की, जहां ताल में गंदगी दिखाई दी। इसके बाद आरकेबीके के पास भी ताल की खराब स्थिति पर उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि ताल क्षेत्र को पूरी तरह स्वच्छ और आकर्षक बनाया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ताल रिंग रोड पर चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उल्लेखनीय है कि इसी रिंग रोड पर दो दिन पूर्व मुख्यमंत्री ने पौधारोपण किया था। उपाध्यक्ष ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी व कार्यदायी संस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करें।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने आरकेबीके के पास प्राधिकरण द्वारा निर्मित दो कियोस्क का भी जायजा लिया। ये कियोस्क ‘एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी)’ योजना के तहत आवंटित किए गए हैं। उन्होंने इन्हें आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप देने के साथ ही ‘एक जिला एक व्यंजन’ की तर्ज पर एक और कियोस्क विकसित करने का सुझाव दिया। इसके लिए प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (पीएमयू) को नया डिजाइन तैयार करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विशेष कार्याधिकारी प्रखर उत्तम, प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
