वाराणसी
सावन व्यवस्था को लेकर दशाश्वमेध व्यापार मंडल की बैठक, सुरक्षा और यातायात पर हुई चर्चा
एसीपी की अध्यक्षता में व्यापारियों ने रखीं प्रमुख मांगें, आगजनी में तत्परता दिखाने पर पुलिस अधिकारियों का किया सम्मान
रविवार और सोमवार को ही बैरिकेडिंग, रोपवे निर्माण से बाधित मार्ग खोलने और फायर ब्रिगेड-एम्बुलेंस तैनाती की उठी मांग
वाराणसी। सावन माह में श्रद्धालुओं, पर्यटकों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों की सुविधा को लेकर सोमवार को दशाश्वमेध व्यापार मंडल समिति की बैठक गोदौलिया स्थित होटल गंगेज ग्रैंड में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्र के एसीपी डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी ने की।
बैठक में आगामी सावन मेले की तैयारियों और भीड़ प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने प्रशासन के समक्ष कई महत्वपूर्ण सुझाव और मांगें रखीं।
व्यापारियों ने बताया कि इस वर्ष पूरे सावन माह के बजाय केवल रविवार और सोमवार को ही बैरिकेडिंग लगाए जाने का निर्णय लिया गया है, जिससे अन्य दिनों में व्यापारिक गतिविधियां और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित नहीं होगी।
बैठक में लक्सा से गोदौलिया तक रोपवे निर्माण के कारण बाधित मार्ग को कम से कम एक तरफ से सुचारु रूप से खोलने, क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने तथा पूरे मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।
इसके अलावा सावन में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए चितरंजन पार्क के पास एक फायर ब्रिगेड वाहन और एम्बुलेंस की स्थायी व्यवस्था करने का सुझाव भी प्रशासन के समक्ष रखा गया।
बैठक के दौरान दशाश्वमेध क्षेत्र में हाल ही में हुई आगजनी की घटना के दौरान पुलिस एवं प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई कर आग पर काबू पाने के लिए एसीपी डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी, थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह तथा चौकी प्रभारी अनुज कुमार तिवारी को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। व्यापारियों ने उनकी तत्परता और सक्रिय कार्यशैली की सराहना की।
बैठक में संरक्षक श्रीनारायण खेमका, अशोक जायसवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेश तुलस्यान, महामंत्री दीपक वासवानी, उपाध्यक्ष विनय यादव, कोषाध्यक्ष भगवान दास जजानी, मन्नू जेसवानी, जितेंद्र आर्य, प्रेम पेशवानी, जयकिशन खत्री, ओमप्रकाश सेवारमानी, रमेश यादव, अनिल जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
