Connect with us

गाजीपुर

कुड़िला–जहीं–रायपुर सड़क निर्माण का रास्ता साफ, 14 जुलाई को खुल सकता है टेंडर

Published

on

Loading...
Loading...

एक सप्ताह बाद शुरू होने की उम्मीद, संघर्ष समिति ने अधिकारियों के प्रयासों को बताया सकारात्मक

आरईएस अधिशासी अभियंता ने दी जानकारी, निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर निगरानी रखेगी समिति

जखनिया (गाजीपुर), 13 जुलाई 2026। लंबे समय से प्रतीक्षित कुड़िला–जहीं–रायपुर सड़क निर्माण कार्य अब जल्द शुरू होने की उम्मीद जगी है। सर्वदलीय तहसील विकास एवं जन कल्याण संघर्ष समिति, जखनिया के अध्यक्ष देवनारायण सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर आरईएस (ग्रामीण अभियंत्रण सेवा) विभाग के अधिकारियों से हुई वार्ता में सकारात्मक जानकारी मिली है।

उन्होंने बताया कि सोमवार को सुबह करीब 10:30 बजे आरईएस विभाग गाजीपुर के अधिशासी अभियंता पुनीत पटेल से सड़क निर्माण के संबंध में बातचीत हुई। अधिशासी अभियंता ने बताया कि पूर्व में सड़क निर्माण का कार्य कर रही ठेकेदार फर्म के पलायन के बाद न्यायालय में आपत्ति दाखिल होने के कारण नई निविदा प्रक्रिया प्रभावित हुई थी, जिसके चलते टेंडर खुलने में विलंब हुआ।

अब 14 जुलाई को टेंडर खुलने की पूरी संभावना है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब एक सप्ताह के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जा सकता है।

Advertisement

लगातार संघर्ष कर रही है समिति

समिति अध्यक्ष देवनारायण सिंह ने कहा कि कुड़िला–जहीं–रायपुर सड़क निर्माण को लेकर समिति लंबे समय से संघर्षरत है। जनहित से जुड़े इस मुद्दे को लेकर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारियों से लगातार संपर्क कर निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की जाती रही है।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण शुरू होने तक समिति का संघर्ष जारी रहेगा। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि जनता को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।

मीडिया और जनसहयोग के प्रति जताया आभार

देवनारायण सिंह ने सड़क निर्माण की दिशा में हुई प्रगति के लिए मीडिया और क्षेत्रीय जनता के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के निरंतर सहयोग और जनसमर्थन के कारण इस महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे को मजबूती मिली है।

उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग और संयुक्त प्रयासों से जल्द ही सड़क निर्माण कार्य धरातल पर शुरू होगा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page