Connect with us

गाजीपुर

हर बच्चे को पढ़ने-लिखने और गणना में दक्ष बनाएं : रितेश सिंह

Published

on

Loading...
Loading...

निपुण भारत मिशन की समीक्षा बैठक में समयबद्ध लक्ष्य पूरा करने पर जोर

बीआरसी भांवरकोल में हुई बैठक, विद्यालयों के नियमित अनुश्रवण और रेमेडियल शिक्षण के दिए निर्देश

भांवरकोल (गाजीपुर)। निपुण भारत मिशन के तहत कक्षा 1 एवं 2 के विद्यार्थियों को आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) में दक्ष बनाने के उद्देश्य से सोमवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) सभागार में गोद लिए गए विद्यालयों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में द्वितीय तिमाही की कार्ययोजना, शैक्षणिक प्राथमिकताओं तथा विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में सुधार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए एसआरजी रितेश सिंह ने कहा कि निपुण भारत मिशन की सफलता शिक्षकों के नियमित शैक्षणिक सहयोग, गतिविधि आधारित शिक्षण, सतत मूल्यांकन और उपचारात्मक (रेमेडियल) शिक्षण पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी एआरपी से अपने गोद लिए गए विद्यालयों का नियमित भ्रमण कर शिक्षकों का मार्गदर्शन करने तथा प्रत्येक बच्चे की सीखने की प्रगति पर सतत निगरानी रखने का आह्वान किया।

Advertisement

उन्होंने कहा कि लक्ष्य केवल आंकड़ों में सुधार करना नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे को पढ़ने, लिखने और गणना करने में वास्तविक रूप से दक्ष बनाना है। इसके लिए निपुण लक्ष्य ऐप के माध्यम से नियमित आकलन किया जाए और आवश्यकता के अनुसार उपचारात्मक शिक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी बच्चों को निपुण बनाया जा सके।

बैठक में एआरपी अमित कुमार राय ने आगामी तिमाही की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए विद्यालयों में अधिगम स्तर सुधारने, साप्ताहिक मूल्यांकन, प्रभावी शैक्षणिक अनुश्रवण और समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति की रणनीति साझा की।

बैठक में एसआरजी रितेश सिंह, एआरपी अमित कुमार राय, रविशंकर राय, नीरज राय सहित ब्लॉक के शिक्षक एवं शैक्षणिक सहयोगी उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों ने ब्लॉक के प्रत्येक विद्यालय को निर्धारित समय सीमा के भीतर निपुण विद्यालय बनाने का संकल्प लिया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page