वाराणसी
सौरभ सिंह हत्याकांड के फरार आरोपी हरिओम सिंह पर ₹25 हजार का इनाम घोषित
छह नामजद आरोपियों में पांच पहले ही गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश जारी
भूमि विवाद में 2 जुलाई को घर से बुलाकर की गई थी गोली मारकर हत्या, डीसीपी गोमती जोन ने घोषित किया इनाम
पिंडरा। सिंधोरा थाना क्षेत्र के मझवा गांव में 2 जुलाई को हुए चर्चित सौरभ सिंह उर्फ बंटी हत्याकांड के फरार आरोपी हरिओम सिंह पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। मामले में नामजद छह आरोपियों में से पांच को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि हरिओम सिंह अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
पुलिस के अनुसार, भूमि विवाद और वर्चस्व की रंजिश को लेकर मझवा गांव निवासी सर्वेश सिंह के 22 वर्षीय पुत्र सौरभ सिंह उर्फ बंटी को घर से बुलाकर गोली मार दी गई थी। घटना में बबलू सिंह, रिशु सिंह, देवी सिंह, राजेश सिंह, गोलू सिंह तथा हरिओम सिंह को नामजद करते हुए मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं, वारदात के बाद से फरार चल रहे हरिओम सिंह की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (गोमती जोन) नीतू कादयान ने फरार आरोपी हरिओम सिंह की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि हत्या के दूसरे दिन ग्रामीणों ने शव के साथ प्रदर्शन करते हुए आरोपियों के विरुद्ध बुलडोजर कार्रवाई की मांग को लेकर चक्का जाम किया था, जिसके बाद यह मामला काफी चर्चा में रहा।
