वाराणसी
मध्यस्थता अभियान 2.0 के प्रचार वाहनों को जिला जज ने दिखाई हरी झंडी
आपसी सहमति से विवादों के समाधान के लिए आमजन को किया जाएगा जागरूक, वैवाहिक से लेकर भूमि विवाद तक होंगे निस्तारित
वाराणसी, 11 जुलाई 2026। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में संचालित “राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान 2.0” के प्रचार-प्रसार के लिए शुक्रवार को प्रचार वाहनों को जनपद न्यायालय परिसर से रवाना किया गया।
जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष संजीव शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार वाहनों को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ये वाहन शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन को मध्यस्थता अभियान के उद्देश्यों और लाभों के प्रति जागरूक करेंगे।
उन्होंने बताया कि मध्यस्थता के माध्यम से पक्षकार अपने विभिन्न प्रकार के विवादों का समाधान आपसी सहमति और शांतिपूर्ण तरीके से करा सकते हैं। इसमें वैवाहिक विवाद, घरेलू हिंसा से जुड़े मामले, मोटर दुर्घटना दावे, चेक बाउंस, वाणिज्यिक विवाद, उपभोक्ता फोरम से संबंधित मामले, भूमि अधिग्रहण, सेवा संबंधी मामले, शमनीय आपराधिक मामले, ऋण वसूली, बेदखली तथा अन्य उपयुक्त दीवानी मामलों का निस्तारण शामिल है।
जिला जज ने आमजन से अपील की कि वे मध्यस्थता अभियान का हिस्सा बनकर लंबित विवादों को शीघ्र और सरल प्रक्रिया के माध्यम से समाप्त कराएं। उन्होंने कहा कि मध्यस्थता न्याय व्यवस्था पर बोझ कम करने के साथ-साथ पक्षकारों के बीच आपसी संबंध बनाए रखने में भी सहायक होती है।
इस अवसर पर मोटर दावा दुर्घटना अधिकरण के पीठासीन अधिकारी रामकेश, राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी एवं अपर जनपद न्यायाधीश आलोक कुमार, जनपद न्यायालय के समस्त न्यायिक अधिकारीगण तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अंतर्गत कार्यरत पैरा लीगल वालंटियर्स उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिविजन) राजीव मुकुल पाण्डेय ने दी।
