Connect with us

वाराणसी

आशा ज्ञान पुस्तकालय की सात बेटियां स्कॉलरशिप पर कोयंबटूर में करेंगी नर्सिंग की पढ़ाई

Published

on

Loading...
Loading...

शंकरा हॉस्पिटल की छात्रवृत्ति से ग्रामीण छात्राओं को मिला सुनहरा अवसर, तीन वर्ष की पढ़ाई, आवास और भोजन पूरी तरह निःशुल्क

मिर्जामुराद (वाराणसी)। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर स्थित आशा ज्ञान पुस्तकालय से जुड़ी सात मेधावी छात्राओं ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। शंकरा आई हॉस्पिटल, हरहुआ द्वारा आयोजित प्रवेश परीक्षा एवं साक्षात्कार में सफलता प्राप्त करने के बाद इन छात्राओं का तमिलनाडु के आर.जे. शंकरा हॉस्पिटल, कोयंबटूर में नेत्र (ऑफ्थैल्मिक) नर्सिंग कोर्स के लिए छात्रवृत्ति पर चयन हुआ है।

चयनित छात्राओं में अमिनी की ममता, मेहदीगंज की निशा, नागेपुर की पायल और दिव्या, बेनीपुर की शिवानी विश्वकर्मा, हरसोस की संध्या सिंह तथा करधना की लक्ष्मी शामिल हैं। सभी छात्राएं बुनकर, किसान और मजदूर परिवारों से हैं।

छात्राओं को तीन वर्षीय नर्सिंग कोर्स के लिए लगभग ढाई लाख रुपये की छात्रवृत्ति के साथ-साथ पूरी पढ़ाई, आवास और भोजन की निःशुल्क सुविधा आर.जे. शंकरा हॉस्पिटल, कोयंबटूर द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।

Advertisement

इस उपलब्धि पर शनिवार को लोक समिति पुस्तकालय भवन, नागेपुर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर ने सभी चयनित छात्राओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया। आशा ट्रस्ट (अमेरिका) से आईं आरती, फीडिंग इंडिया के ऋषभ चोपड़ा तथा कस्तूरबा बालिका आवासीय विद्यालय भिखारीपुर की शिक्षिका सरिता आर्या ने छात्राओं को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। ग्राम प्रधान मुकेश कुमार ने भी सभी छात्राओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

पुस्तकालय संयोजक पंचमुखी सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र की अधिकांश प्रतिभाशाली छात्राओं के सामने आर्थिक तंगी सबसे बड़ी बाधा होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए आशा ज्ञान पुस्तकालय उन्हें न केवल अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराता है, बल्कि विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी, आवेदन, प्रवेश परीक्षा और साक्षात्कार की तैयारी में भी सहयोग करता है। इसी प्रयास का परिणाम है कि आज ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां अपने सपनों को साकार कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

कार्यक्रम में मनीष, आलोक, मोनी, आकांक्षा, अनीश कुमार, खुशबू, काजल, गूंजा, आकाश, अनिल सिंह, पीयूष, कंचन, श्रद्धा, चंदन, शीतल, प्रीतम, शशिकला, अवनीश सहित पुस्तकालय से जुड़े अनेक छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page