वाराणसी
राम मंदिर ट्रस्ट पर लगे आरोपों पर कांग्रेस का हमला
वाराणसी में डॉ. रागिनी नायक ने उठाए सवाल
प्रधानमंत्री से जवाब, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच और फॉरेंसिक ऑडिट की मांग; ट्रस्ट भंग करने की भी उठाई मांग
वाराणसी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने शनिवार को वाराणसी में आयोजित प्रेस वार्ता में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर केंद्र सरकार और ट्रस्ट प्रबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि राम मंदिर निर्माण और चढ़ावे के प्रबंधन में किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो इसकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
डॉ. नायक ने कहा कि देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं ने आस्था और विश्वास के साथ राम मंदिर निर्माण में सहयोग दिया था। ऐसे में यदि चंदे या चढ़ावे के दुरुपयोग के आरोप सामने आते हैं तो इससे श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत होती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कथित अनियमितताओं की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और मामले में उच्च स्तर तक जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
प्रेस वार्ता में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूरे प्रकरण पर सार्वजनिक रूप से जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के गठन और उसके प्रशासनिक ढांचे में केंद्र सरकार की भूमिका रही है, इसलिए सरकार को इस मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
कांग्रेस की ओर से पांच प्रमुख मांगें भी रखी गईं। इनमें प्रधानमंत्री से स्पष्टीकरण, कथित रूप से संलिप्त लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई, सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच, वर्तमान ट्रस्ट को भंग कर नया पारदर्शी ट्रस्ट गठित करना तथा मंदिर से जुड़े चढ़ावे, चंदे और खर्चों का स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट कर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करना शामिल है।
डॉ. नायक ने अपने संबोधन में कहा कि यदि किसी स्तर पर वित्तीय अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को कानून के अनुसार दंड मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है, इसलिए इसकी पूरी सच्चाई देश के सामने आनी चाहिए।
प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, संजीव सिंह, गुलशन अली, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, दिलीप चौबे, अरुण सोनी, वकील अंसारी, अनुराधा यादव, अब्दुल हमीद डोडे, विकास कौण्डिल्य, रोहित दुबे, परवेज खान, किशन यादव, अरविंद सेठ, रामजी गुप्ता सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
