Connect with us

वाराणसी

भदैनी इन्टेकवेल की सर्विसिंग आज, भेलूपुर क्षेत्र में शाम की जलापूर्ति रहेगी बाधित

Published

on

Loading...
Loading...

जलकल विभाग ने पानी का भंडारण करने की दी सलाह; वाराणसी की जलापूर्ति की लाइफलाइन है भदैनी पंप हाउस

वाराणसी। भदैनी स्थित इन्टेकवेल में नियमित सर्विसिंग एवं रखरखाव कार्य के चलते शनिवार शाम भेलूपुर जलकल से होने वाली पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी। जलकल विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से सुबह ही आवश्यकतानुसार पानी का भंडारण कर लेने की अपील की है, ताकि शाम के समय असुविधा का सामना न करना पड़े।

जलकल विभाग के सचिव विश्वनाथ गुप्ता ने बताया कि इन्टेकवेल और पंपिंग सिस्टम की नियमित सर्विसिंग शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक है। इससे भविष्य में तकनीकी खराबियों की संभावना कम होगी और पेयजल आपूर्ति निर्बाध बनी रहेगी।

वाराणसी की जलापूर्ति की रीढ़ है भदैनी पंप हाउस

भदैनी घाट स्थित इन्टेकवेल एवं पंप हाउस को वाराणसी की पेयजल व्यवस्था की लाइफलाइन माना जाता है। यहीं से गंगा का पानी उठाकर शुद्धिकरण संयंत्र तक पहुंचाया जाता है, जिसके बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल की आपूर्ति की जाती है। वर्ष 1907 में स्थापित यह पंप हाउस एक सदी से अधिक समय से शहर की जलापूर्ति का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

अमृत-2 योजना के तहत बढ़ाई गई क्षमता

शहर की बढ़ती आबादी और जल मांग को देखते हुए अमृत-2 योजना के तहत लगभग 108 करोड़ रुपये की लागत से यहां चार अत्याधुनिक पंप स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक पंप की क्षमता लगभग 50 किलोलीटर प्रतिदिन पानी उठाने की है, जिससे जलापूर्ति व्यवस्था को और मजबूत बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

Advertisement

हालांकि, गंगा नदी के तल में गाद और मलबा जमा होने के कारण इन नए पंपों की कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित ड्रेजिंग और इन्टेक क्षेत्र की सफाई नहीं होने से जल उठान क्षमता घट रही है, जिसका असर भविष्य की जलापूर्ति पर भी पड़ सकता है।

पुराने पंपों पर बढ़ा दबाव

भदैनी पंप हाउस में पहले से स्थापित पांच पंपों की कुल जल उठान क्षमता लगभग 250 किलोलीटर प्रतिदिन है। बढ़ती आबादी और पानी की मांग के चलते इन पंपों पर लगातार दबाव बना हुआ है। ऐसे में नए पंपों का पूरी क्षमता से संचालन आवश्यक माना जा रहा है।

जलकल विभाग की अपील

जलकल विभाग ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि शनिवार सुबह ही आवश्यक पानी का भंडारण कर लें। विभाग के अनुसार, रखरखाव कार्य पूरा होते ही जलापूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि कुछ घंटों की यह असुविधा भविष्य में शहर की निर्बाध और बेहतर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page