वाराणसी
नो-एंट्री में दौड़ रहे बालू लदे ट्रैक्टर, सुसुवाही में बढ़ा हादसों का खतरा
स्थानीय लोगों में आक्रोश, दिनदहाड़े भारी वाहनों की आवाजाही पर कार्रवाई की मांग
वाराणसी। शहर के सुसुवाही क्षेत्र में नो-एंट्री के बावजूद बालू और निर्माण सामग्री से लदे ट्रैक्टरों की आवाजाही लगातार जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नियमों की अनदेखी और प्रशासनिक लापरवाही के कारण क्षेत्र में हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
शनिवार सुबह सुसुवाही में बालू से लदा एक ट्रैक्टर तेज रफ्तार से गुजरता दिखाई दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की गति इतनी अधिक थी कि यदि अचानक कोई राहगीर, बच्चा या दोपहिया वाहन चालक सामने आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी ट्रैक्टरों की चपेट में आने से कई लोग घायल हो चुके हैं। इसके बावजूद नो-एंट्री नियमों का खुलेआम उल्लंघन जारी है। उनका आरोप है कि भारी वाहन निर्धारित समय के बजाय दिन के समय भी आबादी वाले क्षेत्रों से गुजर रहे हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।
निवासियों के अनुसार सुबह और शाम के समय इस मार्ग पर स्कूली बच्चों, छात्रों, बुजुर्गों और नौकरीपेशा लोगों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में तेज रफ्तार भारी वाहन किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।
सख्त कार्रवाई की उठी मांग
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और यातायात पुलिस से नो-एंट्री नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने, बालू लदे ट्रैक्टरों की आवाजाही पर प्रभावी निगरानी रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।
